विलेन हैं राज ठाकरे, वोट के लिये भले मराठियों को भी कर रहे हैं बदनाम : धनंजय, सोशलिस्ट पार्टी

पटना/बिहार, 15 जनवरी 2026 : मनसे प्रमुख द्वारा हिंदी भाषियों को "लात मारने" वाला बयान तूल पकड़ता जा रहा है। इसे मुंबई में काम करने वाले यूपी-बिहार के लोगों को टारगेट किये जाने के तौर पर देखा जा रहा है जिसकी बिहार एवं यूपी में काफी आलोचना हो रही है। 

एक तरफ जहाँ अयोध्या के साधु-संतों ने राज ठाकरे के बयान पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा रहा तो महाराष्ट्र के लोगों के साथ भी यूपी में वैसा ही सुलूक किया जायेगा तो दूसरी तरफ अब सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने भी राज ठाकरे को विलेन बता दिया है। 

सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं यूपी प्रभारी धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज ठाकरे राजनैतिक विलेन हैं। वे मुंबई के स्थानीय नगरपालिका चुनाव में मराठी वोटों को अपने पक्ष में एकजुट करने के उद्देश्य से हिंदी भाषियों को गालियाँ दे रहे हैं। ऐसा करके वे महाराष्ट्र के 12 करोड़ भले लोगों को भी देश-दुनिया के सामने विलेन की तरह पेश करके समस्त मराठियों की छवि खराब कर रहे हैं। 

धनंजय ने कहा कि मुंबई के लोग काफी समझदार हैं। वे राज ठाकरे की इस धूर्तता को समझते हैं। इस गलत बयानबाजी के कारण आगामी बीएमसी चुनाव में उद्धव ठाकरे की सीटें कम हो जाने वाली हैं। इसका उन्हें राजनैतिक नुकसान ही होगा। 

उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार के लोगों को राज ठाकरे के एक मात्र नकारात्मक बयान से समस्त मराठियों का आकलन और मूल्यांकन नहीं करना चाहिए। गलती राज ठाकरे की है, समस्त मराठियों की नहीं। इसलिए आम मराठियों के बारे में दुर्भावना की कोई बात ही नहीं है। देश के सभी राज्यों में अलग-अलग धर्म-जाति के एवं अलग-अलग भाषायी नागरिक मिल-जुलकर रह रहे हैं। किन्तु जनता की जरूरत के कामों को किये बिना शॉर्टकट में वोट पाने की लालसा में कुछ राजनीतिज्ञ धर्म, जाति, भाषा इत्यादि के नाम पर आम लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास करते हैं। इनसे सतर्क रहने की जरूरत है।
और नया पुराने