बदायूं में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात! पति ने 1000 रुपये में पत्नी को सौंपा, दोस्तों ने किया गैंगरेप

बदायूं/उत्तर प्रदेश। बदायूं जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने पैसों के लालच में अपनी ही पत्नी की इज्जत बेच दी। आरोप है कि पति ने महज एक हजार रुपये लेकर अपनी पत्नी को बहाने से दो लोगों के साथ भेज दिया और फिर उन दोनों ने महिला के साथ जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार यह घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति उसे गैस एजेंसी भेजने के बहाने अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर बैठाकर घर से रवाना कर दिया। रास्ते में आरोपी उसे सुनसान जंगल में ले गए, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया और इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता घर पहुंची और अपने पति से पूरी बात बताई। इस पर पति ने न केवल अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि यह भी कहा कि उसने इसी काम के लिए पैसे लिए थे और आगे भी वह उससे पैसे कमाने की मंशा रखता है। पति के इस अमानवीय बयान से आहत महिला ने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को पति समेत कुल तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया, जिसमें पति की अहम भूमिका सामने आई है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर समाज में रिश्तों की गिरती संवेदनशीलता और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

#Budaun #CrimeNews #UPPolice
और नया पुराने