दरभंगा/बिहार। दरभंगा जिले में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। यह हादसा शहर के एमएमटीएम कॉलेज परिसर के पास हुआ, जहां सड़क पर फिसलन और कीचड़ के कारण वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सीधे पानी व कीचड़ से भरे तालाब में जा समाई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तालाब में वाहन गिरते ही छात्रों में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए बिना समय गंवाए तालाब में उतरकर वाहन का दरवाजा खुलवाया और चालक सहित सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर काफी कीचड़ जमा था और हल्की ढलान होने के कारण वाहन फिसल गया। यदि समय रहते स्थानीय लोग मदद के लिए नहीं पहुंचते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
छात्रों को बाहर निकालने के बाद उन्हें प्राथमिक जांच के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं, तालाब में गिरे स्कॉर्पियो वाहन को निकालने के लिए नगर निगम का बुलडोजर मंगाया गया, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज परिसर के आसपास सड़क की मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। परीक्षा देने जा रहे छात्रों की जान सुरक्षित बच जाना सभी के लिए राहत की बात रही।
Tags:
Bihar

