दिल्लीवासियों के लिए बड़ी सौगात! मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का बदला नाम, अब कहलाएगा ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के लाखों मेट्रो यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण और खुशखबरी भरा फैसला सामने आया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ कर दिया है। इस फैसले से न केवल यात्रियों को मार्गदर्शन में सहूलियत होगी, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।

बताया जा रहा है कि इस नाम परिवर्तन की मांग स्थानीय नागरिकों एवं श्री सनातन धर्म सभा द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। क्षेत्र में स्थित प्राचीन और आस्था का केंद्र माने जाने वाले श्री राम मंदिर के कारण यह मांग लगातार जोर पकड़ रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि स्टेशन का नाम मंदिर के नाम से जुड़ने पर बाहरी यात्रियों और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी।

इस दिशा में स्थानीय विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने प्रस्ताव रखकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रस्ताव के बाद DMRC ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए इस बदलाव को स्वीकृति प्रदान की। नाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही स्टेशन पर नए नाम से संबंधित संकेतक और घोषणाएं भी धीरे-धीरे लागू की जाएंगी।

स्थानीय निवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल भ्रम की स्थिति समाप्त होगी, बल्कि मयूर विहार क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान भी और अधिक सुदृढ़ होगी। वहीं, श्रद्धालुओं और यात्रियों का मानना है कि ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ नाम स्टेशन की एक विशिष्ट पहचान बनाएगा और दिल्ली मेट्रो के मानचित्र पर इसे विशेष स्थान दिलाएगा।

कुल मिलाकर, DMRC का यह फैसला जनता की भावना और स्थानीय आस्था का सम्मान करते हुए लिया गया एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
और नया पुराने