मेरठ/उत्तर प्रदेश। शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रंजीतपुरी इलाके में एक किशोरी के साथ सरेआम छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दो युवक रास्ते में किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे और जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान जब किशोरी का भाई मौके पर पहुंचा और बहन के साथ हो रही हरकतों का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान किशोरी के भाई के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।
सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, वहीं दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर गैर समुदाय के आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद रंजीतपुरी इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
#Meerut #SadarBazar #Ranjitpuri #meerutpolice
Tags:
Uttar Pradesh

