अमेरिका से 18% टैरिफ का समझौता कर मोदी ने रख दी गुलामी की नींव : धनंजय

मुजफ़्फ़रपुर/बिहार : हाल ही में हुए भारत-अमेरिका व्यापारिक समझौतों के खिलाफ सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने कुढनी प्रखंड कार्यालय के समीप एक दिवसीय धरना दिया। इस प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी जलाया। 

मौके पर उपस्थित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच इस नुकसानदेह व्यापारिक समझौता को अंजाम देकर प्रधानमंत्री मोदी ने देश को गुलामी की तरफ ले जाने की नींव रख दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कृषि उत्पादों को अब भारतीय बाजार में प्रवेश पर शून्य टैरिफ लगेगा जबकि भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में प्रवेश करने पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। यह समझौता नहीं बल्कि ट्रम्प के सामने घुटने टेक देने जैसा है। इस समझौते के बाद गरीब भारतीय किसानों को अमेरिका के साथ प्रतियोगिता करनी पड़ेगी। मजबूरी में लोग किसानी छोड़ देंगे। फिर समस्त कृषि उत्पादों के लिए देश अमेरिका पर आश्रित हो जायेगा। 
उन्होंने कहा कि जो भूल मुगल शासक जहांगीर ने 1607 में ईस्ट इंडिया कंपनी को भारत में व्यापार करने की अनुमति देकर की थी, वही भूल प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के साथ यह नुकसानदायक व्यापारिक समझौता करके किया है। 

पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं मजदूर नेता अजय सहनी ने कहा इसे लेकर पार्टी देशभर में आंदोलन करेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार झा ने कहा कि मोदी किसी के नहीं है, न अगड़ों के, न पिछड़ों के, न हिंदूओं के, न भाजपाइयों के, वे बस अपने चंद पूंजीपति उद्योगपतियों के साथ हैं, और उन्हीं उद्योगपतियों का भारतीय कृषि पर पर एकाधिपत्य स्थापित करवाने के लिए साजिश के तहत अमेरिका के साथ इस व्यापारिक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। 
उक्त अवसर पर सुधा देवी, पिंकी कुमारी, फूल कुमारी, शिव कुमारी सहित सैकड़ों पार्टी नेता - कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 
और नया पुराने