जमुई/बिहार। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी (ब्लैक डे) पर शनिवार की देर शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दक्षिण बिहार नगर इकाई, जमुई के तत्वावधान में भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च की शुरुआत श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम से हुई, जो कचहरी चौक तक पहुँचा।
हाथों में मोमबत्तियां लिए छात्र-कार्यकर्ता देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। कचहरी चौक पर पहुंचकर सभी ने दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 14 फरवरी 2019 का दिन देश के इतिहास में एक काला अध्याय के रूप में दर्ज है। शहीद जवानों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। युवाओं को उनके साहस और त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सत्यम कुमार, शांतनु सिंह, अभिनव दुबे, गोलू कुमार, विवेक कुमार, अमित रंजन कुमार, अभिमन्यु कुमार एवं सिंटू कुमार सहित अन्य छात्र-कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
Tags:
Bihar

