17 मिनट में बची एक ज़िंदगी! इंस्टाग्राम पोस्ट बना अलर्ट, वाराणसी पुलिस ने दिखाई तत्परता

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। वाराणसी कमिश्नरेट की चोलापुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर आए एक अलर्ट के आधार पर महज़ 17 मिनट में पहुंचकर 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली। यह घटना बताती है कि समय पर कार्रवाई और तकनीक का सही उपयोग किसी की ज़िंदगी बचा सकता है।

दरअसल, युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा— “आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल नहीं करना क्योंकि मैं ज़हर खा लिया”। यह पोस्ट Meta के अलर्ट सिस्टम के जरिए तुरंत पुलिस मुख्यालय तक पहुंची।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल सक्रिय हुआ और लोकेशन ट्रेस कर थाना चोलापुर को सूचना दी गई।

17 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस
उपनिरीक्षक अवनीश मिश्रा और आरक्षी विकास शर्मा तुरंत युवक के घर पहुंचे, जहां युवक कीटनाशक घोलकर पीने ही वाला था। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से ज़हर भरा गिलास छीन लिया और परिजनों की मदद से तत्काल प्राथमिक उपचार कराया।

प्रेम प्रसंग बना कारण
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है और एकतरफा प्रेम संबंध के चलते मानसिक तनाव में था, जिससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।

काउंसलिंग से बदली सोच
पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर उसे समझाया, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसी गलती न करने का वादा किया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।

🔹 गौरतलब है कि वर्ष 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और Meta के बीच एक विशेष व्यवस्था लागू है, जिसके तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट पर तुरंत अलर्ट जारी किया जाता है।

#VaranasiPolice #UPPolice #LifeSaved #SocialMediaAlert #Meta #GoodNews #PoliceWork #MentalHealthAwareness #StayStrong #Cholapur #VaranasiNews
और नया पुराने