फारबिसगंज में नशा और अपराध पर नियंत्रण हेतु विशेष दस्ते का गठन हो - श्रद्धा सुमन, सोशलिस्ट नेत्री

पटना/बिहार : सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) की प्रदेश महासचिव श्रद्धा सुमन ने अररिया जिला के फारबिसगंज इलाके में लगातार बढ़ रहे नशा और अपराध की गतिविधियों पर अविलंब नियंत्रण हेतु मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर "एक विशेष कार्रवाई दस्ता" गठित करने की माँग की है जो ऐसे मामलों में अविलंब छापेमारी एवं कार्रवाई करे। 

मुख्यमंत्री को लिखे गये पत्र में उन्होंने कहा है कि फारबिसगंज, जिसका ब्रिटिश काल में चीनी मिल, नील फैक्ट्री आदि का इतिहास रहा है, जो स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करता था और कभी समृद्ध अर्थव्यवस्था के लिए प्रसिद्ध था, अब नशा एवं अपराध का अड्डा बन गया है और रक्त के धब्बों से सना हुआ है। 
पिछले वर्षों में फारबिसगंज में लगातार लोकतांत्रिक नियमों उल्लंघन एवं विनियमों का ह्रास दृष्टिगोचर हुआ है।  इलाके में सूखे नशे का कारोबार उफान पर है जिसकी चपेट में हजारों युवा फँस चुके हैं, और अब वे अपराधिक गतिविधियों में भी संलग्न हो रहे हैं। 
हाल ही में फारबिसगंज में 9 अप्रैल 2026 को दोहरे हत्याकांड (नबी हुसैन और राहुल चौहान) का मामला सामने आया है। ऐसे कई क्रूर और अमानवीय मामले हैं जिन्होंने शहर को झकझोर कर रख दिया है और आम लोगों के लिए निवास एवं सामान्य दैनिक गतिविधियों के लिये असुरक्षित बना दिया है।

उक्त संदर्भों में सोशलिस्ट नेत्री श्रद्धा सुमन ने मुख्यमंत्री के नाम लिखे गये पत्र में निवेदन किया है कि इलाके में लगातार बढ़ रहे नशे के व्यापार एवं आपराधिक गतिविधियों पर अविलम्ब नियंत्रण के लिए "जिला स्तर पर एक विशेष कार्रवाई दस्ते का गठन किया जाए" जो नशा एवं अपराध के मामलों में त्वरित छापेमारी और कार्रवाई करे।
और नया पुराने