पटना/बिहार : राजद छात्र इकाई के नये नामकरण "सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसियेशन ऑफ इंडिया" पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) की बिहार प्रदेश महासचिव एवं सोशलिस्ट स्टूडेंट यूनियन की राष्ट्रीय महासचिव श्रद्धा सुमन ने कहा कि सिर्फ नाम में ही नहीं, विचार एवं कार्य में भी यदि राजद सोशलिस्ट धारा का अनुशरण करे तो ज्यादा खुशी होगी।
श्रद्धा ने बताया कि नीट छात्रा हत्याकांड के बाद सोशलिस्ट स्टूडेंट यूनियन लगातार न्याय की मांग को लेकर आवाज उठा ही रही है। साथ ही, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए छात्राओं के बीच अवेयरनेस कैंपेन भी चला रही है।
उन्होंने बताया कि सोशलिस्ट स्टूडेंट यूनियन द्वारा पटना में गर्ल्स हॉस्टलों के आस-पास सैकड़ों ऐसे स्टीकर्स चिपकाए गये हैं जिसमें सेक्स रैकेट की पहचान करने, उससे सतर्कता बरतने एवं उसकी शिकायत करने संबंधी जानकारियां दी गई हैं। साथ ही, हजारों ऐसी पर्चियाँ छात्राओं को हाथों-हाथ बाँटी भी गई हैं। लड़कियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वीरांगना मार्च एवं सभा का आयोजन किया गया।
श्रद्धा ने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) सिर्फ नाम के लिए नहीं, बल्कि गंभीरतापूर्वक काम एवं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से कार्य कर रही है। हमलोग यह चाहते हैं कि अन्य समस्त पार्टियाँ और उनके युवा-छात्र संगठन भी आम लोगों की समस्याओं पर समाधान-केन्द्रित कार्य करें।
Tags:
Bihar


