Jamui: गिद्धौर राजघराने के अंतिम महाराजा कुंवर राज राजेश्वर प्रसाद सिंह का निधन

जमुई/बिहार। बिहार के जमुई जिला के ऐतिहासिक गिद्धौर राज रियासत के अंतिम महाराजा कुंवर राज राजेश्वर प्रसाद सिंह का मंगलवार को कोलकाता में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही गिद्धौर समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

राजमहल ने दी आधिकारिक जानकारी
गिद्धौर राजमहल से जुड़े सुशांत साईं सुंदरम ने महाराजा के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि स्वास्थ्य में लगातार गिरावट के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की पूरी कोशिश के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

राजपरिवार के सदस्य ने किया अंतिम संस्कार
महाराजा के निधन के पश्चात उनका अंतिम संस्कार राजपरिवार के सदस्य आनंद सिंह द्वारा संपन्न कराया गया। इस दौरान परिवार के लोग और नजदीकी उपस्थित रहे। उनके निधन के साथ ही गिद्धौर राजघराने के एक महत्वपूर्ण युग का अंत माना जा रहा है।

बिना राज्याभिषेक के भी मिली ‘महाराज’ की उपाधि
ज्ञातव्य हो कि कुंवर राज राजेश्वर प्रसाद सिंह ने आजीवन विवाह नहीं किया था। स्वतंत्रता के बाद देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू होने के कारण उनका औपचारिक राज्याभिषेक नहीं हो सका। बावजूद इसके, अपने पिता के निधन के बाद परंपरा के अनुसार उन्हें गिद्धौर महाराज की उपाधि स्वतः प्राप्त हो गई थी।

सादगी और सामाजिक जुड़ाव के लिए थे प्रसिद्ध
महाराजा अपने सादगीपूर्ण जीवन, विनम्र स्वभाव और क्षेत्र के लोगों के प्रति विशेष लगाव के लिए जाने जाते थे। वे हमेशा सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों को महत्व देते रहे। स्थानीय लोगों के बीच उनकी गहरी पहचान और सम्मान था।

क्षेत्र में शोक की लहर, लोगों ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन की खबर मिलते ही गिद्धौर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और राजपरिवार से जुड़े लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और योगदान को याद किया।
और नया पुराने