जमुई/बिहार। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी होते ही जमुई जिले में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस वर्ष भी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल (ओपीएस) के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। बेहतर परिणाम के साथ विद्यालय ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन का परिचय दिया है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष स्कूल से कुल 293 छात्र-छात्राएं सीबीएसई 10वीं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से अधिकांश ने शानदार अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है।
इस वर्ष विद्यालय की छात्रा ज्ञान प्रभा ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया और टॉपर बनीं। वहीं कोमल कुमारी ने 94 प्रतिशत अंक लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पृथ्वी राज और आदित्य आर्यन ने 92 प्रतिशत, राजन कुमार ने 91 प्रतिशत तथा अनिशा भारती ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप सूची में अपनी जगह बनाई।
इसी क्रम में प्रिया कुमारी, सागर कुमार और निशा भारती ने 89 प्रतिशत तथा मोहित कुमार ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के टॉप टेन में स्थान बनाया। अन्य विद्यार्थियों ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय की मुख्य संरक्षिका सह विदुषी मातृशक्ति डॉ. स्मृति पासवान ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक माहौल का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं मुख्य संरक्षक डॉ. निरंजन कुमार ने विद्यालय के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पिछले ढाई दशकों से ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल जमुई में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम कर रहा है। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और प्रबंधन की भूमिका को सराहनीय बताया।
रिजल्ट घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इस अवसर पर अभिभावक भी अपने बच्चों की सफलता पर गौरवान्वित नजर आए।
विद्यालय के सचिव कुसुम सिन्हा, प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, उप-प्राचार्य शिवांगी शरण सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
Tags:
Bihar

