नई दिल्ली। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आउटर नॉर्थ जिले की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता की हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने नरेला इलाके के सेक्टर-A6 में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए महिला को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 179 ग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला नरेला क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय थी और स्थानीय स्तर पर एक नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की आपूर्ति कर रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत राजधानी में ड्रग तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Tags:
Delhi

