Jamui: बरनवाल समाज महा सम्मेलन का भव्य आयोजन, युवा समाजसेवी पियुष कुमार बरनवाल सम्मानित

जमुई/बिहार। जिला मुख्यालय में बरनवाल समाज महा सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन बड़े उत्साह, सामाजिक सौहार्द और गरिमामयी वातावरण के बीच संपन्न हुआ। सम्मेलन का आयोजन बरनवाल समाज की एकता को मजबूत करने, युवाओं को समाज सेवा एवं शिक्षा के प्रति प्रेरित करने तथा समाज के सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम संयोजक आदरणीय लीलाधर बरनवाल एवं सहसंयोजक आदरणीय महेंद्र बरनवाल के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से समाज के प्रतिष्ठित, शिक्षित एवं सम्मानित लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सम्मेलन में समाज के वरिष्ठ लोगों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे और संगठन की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

सम्मेलन में वक्ताओं ने बरनवाल समाज के संगठन, शिक्षा, सामाजिक उत्थान, युवा नेतृत्व एवं समाज को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में शामिल कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर समाज के अधिकारों और विकास के लिए आगे आएं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व डीजीपी आदरणीय श्री महेंद्र मोदी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशक आदरणीय कर्नल लालजीत प्रसाद, मुजफ्फरपुर के सब डिवीजन जूडिशियल मजिस्ट्रेट आदरणीय राजेश बरनवाल तथा गुजरात के कस्टम अधीक्षक आदरणीय संदीप मोदी सहित समाज के कई वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्य मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज की एकता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

सम्मेलन के दौरान सोनो प्रखंड अंतर्गत बटिया निवासी पवन बरनवाल के पुत्र, युवा समाजसेवी एवं जेनिथ सोशल फाउंडेशन, जमुई के महासचिव पियुष कुमार बरनवाल को समाज एवं सामाजिक कार्यों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें आदरणीय लीलाधर बरनवाल एवं गुजरात के कस्टम अधीक्षक संदीप बरनवाल द्वारा शॉल एवं माला पहनाकर सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

सम्मानित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पियुष कुमार बरनवाल लगातार समाज सेवा, युवाओं को जागरूक करने एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कम उम्र में जिस समर्पण, ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ समाज के लिए कार्य किया है, वह आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ लोगों ने उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने तथा समाज का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।

सम्मेलन में समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि यदि समाज के युवा इसी प्रकार संगठित होकर सामाजिक कार्यों में आगे बढ़ते रहे तो आने वाले समय में बरनवाल समाज शिक्षा, सामाजिक विकास एवं नेतृत्व के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। कार्यक्रम के दौरान समाज की मजबूती, आपसी भाईचारे और सामाजिक अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

पूरा सम्मेलन सामाजिक एकता, सम्मान, जागरूकता एवं प्रेरणा का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संयोजक मंडल एवं सभी सहयोगियों की सराहना की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, युवा, महिलाएं एवं स्थानीय सदस्य उपस्थित रहे, जिससे आयोजन पूरी तरह सफल एवं यादगार बन गया।
और नया पुराने