वाराणसी/उत्तर प्रदेश। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत फूलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया और गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सभी वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरही अंडरपास के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान मिथिलेश कुमार, विकास राय और डबलू के रूप में हुई। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित तरीके से विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और ग्राहक मिलने पर उन्हें बेहद कम कीमत पर बेच दिया जाता था। बिक्री से प्राप्त रकम गिरोह के सदस्यों के बीच बराबर-बराबर बांट ली जाती थी।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह ने फूलपुर, चौबेपुर और सिंधौरा थाना क्षेत्रों से कई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस ने बरामद वाहनों के चेसिस नंबर का ई-चालान ऐप एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से सत्यापन कराया, जिसके बाद उनका मिलान संबंधित चोरी के मुकदमों से किया गया। जांच में चारों मोटरसाइकिलें अलग-अलग दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित पाई गईं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(5) एवं 241 की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कुछ सदस्यों का पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने वाराणसी के अलावा अन्य जनपदों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत वाहन चोरी, संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने वाहनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
Tags:
Uttar Pradesh



