वाराणसी/उत्तर प्रदेश। सूबे में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया है। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के चुनाव में भाजपा ने छह में से पांच सीटों पर शानदार जीत दर्ज करते हुए विपक्ष को बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। वहीं एक सीट समाजवादी पार्टी (सपा) के खाते में गई।
भाजपा की इस जीत को संगठन और जनसमर्थन की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। पार्टी नेताओं ने इसे काशी की जनता और पार्षदों के विश्वास का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मूल मंत्र तथा काशी में हुए विकास कार्यों पर जनता और पार्षदों के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा की नीति पर लगातार कार्य कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम चुनाव में देखने को मिला है।
मेयर ने भाजपा के विजयी उम्मीदवार बलराम कन्नौजिया, इंद्रा रानी, संदीप रघुवंशी, संजय केशरी और नरसिंह दास को शुभकामनाएं देते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को गले लगाकर बधाई दी और कहा कि अब सभी को मिलकर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करना होगा।
जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता : मेयर
मेयर अशोक तिवारी ने कहा कि नगर निगम के जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर पल सक्रिय रहना होगा। जनता सर्वोपरि है और उसकी कठिनाइयों का त्वरित समाधान करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।
Tags:
Uttar Pradesh



