Patna: जनसुराज की पूर्व नेत्री चेतना झांब BJP में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता

पटना/बिहार। समस्तीपुर से पूर्व निर्दलीय विधानसभा प्रत्याशी और जनसुराज की पूर्व नेत्री चेतना झांब ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली।

भाजपा में शामिल होने के बाद चेतना झांब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "राष्ट्र प्रथम" के संकल्प, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने इसे अपने लिए गौरव और दायित्व दोनों बताते हुए कहा कि पार्टी द्वारा सौंपे जाने वाले प्रत्येक दायित्व का वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगी तथा समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगी।

सदस्यता ग्रहण समारोह के दौरान प्रदेश महामंत्री राजू झा, प्रीति शेखर, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामसुमिरन सिंह, समस्तीपुर जिला अध्यक्ष नीलम सहनी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

चेतना झांब ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा में शामिल होने की जानकारी साझा करते हुए समस्तीपुर की जनता तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद के साथ वह जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी।

उल्लेखनीय है कि चेतना झांब पिछले विधानसभा चुनाव में जनसुराज से टिकट की प्रबल दावेदार थीं। हालांकि पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई थी। खासकर युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। ऐसे में उनका भाजपा में शामिल होना समस्तीपुर की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
और नया पुराने