Varanasi: मतदान केंद्रों का होगा भौतिक सत्यापन, DM ने दिए निर्देश; 18 जुलाई तक जारी होगी अंतिम सूची

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों के सत्यापन और सुविधाओं की समीक्षा की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों से संबंधित संशोधन प्रस्तावों, सुझावों एवं आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उप जिलाधिकारी (एसडीएम) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र का स्वयं भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाए। जहां किसी प्रकार की कमी पाई जाए, वहां समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से प्राप्त सभी सुझावों, शिकायतों एवं आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। प्रत्येक मामले का नियमानुसार स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी पक्ष को शिकायत का अवसर न मिले।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को किसी मतदान केंद्र के स्थान, सुविधाओं अथवा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति है, तो उसे जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध कराया जाए। प्राप्त प्रस्तावों का भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जानकारी दी कि सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त सुझावों, शिकायतों एवं भौतिक सत्यापन रिपोर्ट का परीक्षण पूरा होने के बाद 18 जुलाई को जिले के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो सके।
और नया पुराने