लखीसराय में 'शिवनगर वनरोपण 2026-27' अभियान का शुभारंभ, 27,500 पौधे लगाने का लक्ष्य

लखीसराय/बिहार। पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जिले में हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में लखीसराय जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए "शिवनगर वनरोपण 2026-27" अभियान का शुभारंभ किया। सूर्यगढ़ा प्रखंड के बाँकुड़ा गांव के समीप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने पौधारोपण कर अभियान की विधिवत शुरुआत की तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं वन क्षेत्र पदाधिकारी उत्तम कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि बदलते पर्यावरणीय हालात, बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

वन विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के तहत 27,500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का हरित क्षेत्रफल बढ़ाने के साथ-साथ पारिस्थितिक संतुलन को भी मजबूती मिल सके।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, जितना उनका रोपण।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी निगरानी की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पौधे विकसित होकर भविष्य में घने वृक्षों का रूप ले सकें।

इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कर्मी एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
और नया पुराने