रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 27-28 अगस्त को मुफ्त बस यात्रा; बाढ़ पर भी CM का कड़ा रुख



27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाओं को एक सहयोगी के साथ फ्री सफर की सुविधा, बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश

लखनऊ | 22 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश की महिलाओं को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक UPSRTC की बसों में महिलाएं एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

शनिवार को मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़, जलभराव, रक्षाबंधन की तैयारियों, स्कूलों और चीनी की उपलब्धता समेत कई अहम मुद्दों की समीक्षा की।

नशे में बस चलाने वालों पर रोक

रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने बस चालकों की जांच और निगरानी बढ़ाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का सेवन करने वाले चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

निजी बसों के ड्राइवरों के साथ ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल इंतजाम

प्रदेश के कई शहरों में जलभराव की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए।

लो-लैंड क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन लगाने और जलनिकासी में बाधा बने नालों की तत्काल सफाई कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर हालात की निगरानी करने के निर्देश दिए।

19 जिलों में बाढ़ की समीक्षा

बैठक में प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक राहत सामग्री पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। प्रभावित लोगों के लिए पका भोजन, सूखा राशन और अन्य आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

नदी कटान वाले संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने के साथ जरूरत पड़ने पर ड्रेजिंग कराने को भी कहा गया।

फर्जी वीडियो फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

स्कूल-कॉलेजों को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फर्जी और भ्रामक जानकारी प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

साथ ही स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने, बाल वाटिकाओं का संचालन सुनिश्चित करने और बच्चों को शौचालय, मिड-डे मील समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

चीनी की कीमतों पर प्रशासन की नजर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चीनी के स्टॉक और कीमतों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब छह महीने की आवश्यकता के अनुरूप चीनी उपलब्ध है। ऐसे में जमाखोरी और कालाबाजारी के जरिए कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारियों को बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में किसानों को अब तक 3.25 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है।

त्योहार से पहले प्रशासन को स्पष्ट निर्देश

बैठक में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी और जिलों के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी, नगर आयुक्त, सीडीओ, डीआईओएस और बीएसए मौजूद रहे।

रक्षाबंधन से पहले सरकार ने एक ओर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का ऐलान किया है, वहीं दूसरी ओर बाढ़, जलभराव, महिला सुरक्षा और जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
और नया पुराने