कचहरी से सिगरा तक ग्राउंड पर पहुंचे हिमांशु नागपाल, पंप लगाकर कई जगहों से कुछ घंटों में हटाया गया पानी
वाराणसी | 30 अगस्त 2026
वाराणसी में बारिश के बीच जलभराव की स्थिति पर नगर निगम ने मोर्चा संभाल लिया है। लगातार बारिश के बीच नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल खुद छाता लेकर सड़कों पर निकले और शहर के प्रमुख जलभराव संभावित इलाकों का मौके पर निरीक्षण किया।नगर आयुक्त ने कई जगह पैदल घूमकर जलनिकासी की व्यवस्था परखी। जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल नगर निगम की टीमें भेजी गईं और पंप लगाकर पानी निकालने का काम शुरू कराया गया।
कचहरी से महमूरगंज तक फील्ड में दिखे नगर आयुक्त
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कचहरी चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, पांडेयपुर, हुकुलगंज रोड, तारी खाना तिराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, मरी माता, मलदहिया, साजन तिराहा, सिगरा, रथयात्रा, महमूरगंज, अंधरापुल और मकबूल आलम रोड समेत कई स्थानों का जायजा लिया।उन्होंने जलभराव के कारणों और जल निकासी की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पानी की निकासी में किसी तरह की देरी न हो।
पंप और सफाई टीम ने संभाला मोर्चा
जिन इलाकों में पानी जमा हुआ, वहां नगर निगम की टीमों ने पंपों के जरिए जल निकासी शुरू की। साथ ही सफाई कर्मचारियों को भी मौके पर लगाया गया।
नगर निगम की त्वरित कार्रवाई के बाद कई जगहों पर कुछ ही घंटों में पानी निकाल दिया गया। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को राहत मिली।
24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश
नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जलभराव से जुड़ी शिकायत मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बारिश के दौरान नगर निगम की सभी टीमों को 24 घंटे अलर्ट और फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए।साथ ही जल निकासी के लिए जरूरी पंप और संसाधनों को संवेदनशील स्थानों पर तैयार रखने को कहा गया।
निचले इलाकों पर नगर निगम की खास नजर
मानसून के दौरान शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने निगरानी बढ़ा दी है। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग करने और समस्या सामने आते ही तत्काल समाधान करने को कहा गया।बारिश के बीच नगर आयुक्त का खुद मौके पर पहुंचना और जल निकासी व्यवस्था की निगरानी करना नगर निगम की फील्ड स्तर पर सक्रियता को दर्शाता है।



