वाराणसी में अब अफसर बताएंगे सफाई का सच, सुबह 7 बजे से वार्डों में दौड़ेंगे अधिकारी


नगर निगम का नया एक्शन प्लान, सफाई कर्मियों की हाजिरी से लेकर कूड़ा उठान तक हर व्यवस्था की होगी मौके पर जांच

वाराणसी। काशी की सड़कों और गलियों में अब सफाई व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए अफसर खुद मैदान में उतरेंगे। नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगरानी तंत्र और मजबूत कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी वार्डों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है।

सुबह-सुबह वार्डों में पहुंचेगा अफसरों का अमला

नोडल अधिकारी रोजाना सुबह 7 से 9 बजे के बीच अपने निर्धारित वार्ड का निरीक्षण करेंगे। मौके पर सफाई कर्मियों की मौजूदगी जांचने के साथ उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया जाएगा। निरीक्षण की तस्वीरें जियोटैग के साथ आधिकारिक ग्रुप में भेजनी होंगी, ताकि निगरानी व्यवस्था की पुष्टि हो सके।

डस्टबिन भरने से पहले उठेगा कूड़ा

नगर निगम ने निर्देश दिया है कि डस्टबिन के ओवरफ्लो होने का इंतजार न किया जाए। समय रहते कूड़ा उठाया जाए और सड़क, गली, बाजार तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न रहने दी जाए। नाला-नालियों की सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट को भी सड़क किनारे छोड़ने के बजाय निर्धारित स्थान पर पहुंचाना होगा।

इन जगहों पर रहेगी खास नजर

कूड़ा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों और हॉटस्पॉट को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त निगरानी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारी सिर्फ सफाई ही नहीं, बल्कि स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय और कूड़ा उठान जैसी सुविधाओं की स्थिति भी जांचेंगे।

बार-बार गंदगी मिली तो होगी कार्रवाई

नगर निगम ने लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति, काम में लापरवाही या एक ही स्थान पर बार-बार गंदगी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण के साथ उनका मौके पर सत्यापन भी कराया जाएगा।

अब कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखानी होगी सफाई

नगर निगम की इस नई व्यवस्था से वार्डों में सफाई की नियमित मॉनिटरिंग होगी। सुबह के समय अधिकारियों के औचक निरीक्षण से सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कामकाज पर नजर रहेगी। अब देखना होगा कि यह रोजाना का ‘रियलिटी चेक’ काशी की जमीनी सफाई व्यवस्था में कितना बदलाव लाता है।

वाराणसी | नगर निगम

और नया पुराने