मंडुआडीह का परिवार रजिस्टर कहां है? मिनी सदन में पार्षद ने घेरा, ब्लॉक और नगर निगम के दावों में उलझा रिकॉर्ड


नगर निगम की साधारण सभा में 10 प्रस्तावों पर चर्चा, नजूल जमीन, कुंड और नालों पर भी उठे सवाल

वाराणसी। नगर निगम की साधारण सभा की बैठक सोमवार को टाउन हॉल स्थित अस्थायी मिनी सदन में हुई। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं से जुड़े 10 प्रस्ताव सदन में रखे। इस दौरान मंडुआडीह वार्ड संख्या-6 के परिवार रजिस्टर का मुद्दा अचानक चर्चा के केंद्र में आ गया।

पार्षद राजेश कन्नौजिया ने परिवार रजिस्टर को लेकर अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने बताया कि मंडुआडीह के नगर निगम में शामिल होने से पहले यह क्षेत्र ग्राम सभा के अधीन था। उस समय परिवारों का रिकॉर्ड ब्लॉक स्तर पर परिवार रजिस्टर में दर्ज किया जाता था।

ब्लॉक पहुंचने पर मिला नगर निगम का हवाला

pपार्षद के मुताबिक, वर्ष 2022 में मंडुआडीह को नगर निगम में शामिल किए जाने के बाद जब लोगों को परिवार से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजी कार्यों के लिए परिवार रजिस्टर की जरूरत पड़ी तो उन्होंने ब्लॉक कार्यालय से संपर्क किया।

वहां से बताया गया कि परिवार रजिस्टर नगर निगम को सौंप दिया गया है। इसके बाद जब नगर निगम में इसकी जानकारी मांगी गई तो कथित तौर पर अधिकारियों ने रजिस्टर उपलब्ध होने से इनकार कर दिया।

यानी अब सवाल यह है कि ब्लॉक से नगर निगम तक पहुंचा बताया जा रहा परिवार रजिस्टर आखिर गया कहां?

लिखित प्रस्ताव के बाद भी नहीं निकला समाधान

राजेश कन्नौजिया ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर 18 अगस्त को लिखित प्रस्ताव दिया था। उनका कहना है कि रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से स्थानीय लोगों को पारिवारिक दस्तावेजों और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी हो रही है।

मामला सदन में उठने के बाद महापौर अशोक तिवारी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और प्रकरण का समाधान कराने के निर्देश दिए।

हर वार्ड की समस्याओं पर सदन में चर्चा

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि चुनाव के बाद नगर निगम सदन की बैठक करीब हर एक से डेढ़ महीने में आयोजित की जा रही है। इन बैठकों के जरिए पार्षद अपने वार्डों की समस्याओं को सीधे सदन में रखते हैं और अधिकारियों से जवाब लेकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाती है।

सोमवार की बैठक में भी जलभराव, सड़क और विकास कार्यों से संबंधित कई मुद्दे सामने आए।

नजूल जमीन और कुंड-नालों पर भी घमासान

परिवार रजिस्टर के अलावा बैठक में नजूल जमीन पर कथित कब्जे और कुंड-नालों से जुड़े मामलों को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। नगर निगम की ओर से संबंधित मामलों में सर्वे और कार्रवाई की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि कब्जे वाली जमीनों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह है कि मंडुआडीह के परिवार रजिस्टर का रिकॉर्ड वास्तव में किसके पास है और नगर निगम प्रशासन स्थानीय लोगों की इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी करता है।

और नया पुराने