भीड़ प्रबंधन से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक की समीक्षा, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश
वाराणसी। लोलार्क षष्ठी पर्व पर काशी में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयार होगी विशेष व्यवस्था
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोलार्क षष्ठी के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास मार्गों को स्पष्ट एवं व्यवस्थित रखा जाए। बैरिकेडिंग की व्यवस्था मजबूत करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।उन्होंने आयोजन स्थल पर लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिस बल
लोलार्क कुंड पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं और दंपतियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। CP मोहित अग्रवाल ने पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।इसके साथ ही जरूरत के अनुसार सहायता केंद्र स्थापित करने और श्रद्धालुओं की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग, जाम से राहत की तैयारी
पर्व के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
सफाई और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुंड परिसर में सफाई व्यवस्था, प्रकाश की पर्याप्त सुविधा और अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरा कराने पर जोर दिया गया।
सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन पर पुलिस का फोकस
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उनके आवागमन को सुगम बनाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।कमिश्नरेट पुलिस का लक्ष्य है कि लोलार्क षष्ठी पर्व बिना किसी अव्यवस्था के शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।



