मुख्यमंत्री ने किया सेंटर का उद्घाटन, 400 यूनिट रक्त रखने की क्षमता; स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर लोगों से की अपील
गोरखपुर। पूर्वांचल के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गोरखपुर में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तारामंडल क्षेत्र में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गोरखपुर द्वारा स्थापित चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर का निरीक्षण कर रक्त संग्रहण, भंडारण और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
IMA द्वारा संचालित इस सेंटर में करीब 400 यूनिट रक्त रखने की क्षमता है। सेंटर का निर्माण लगभग 2,500 वर्गफुट क्षेत्रफल में किया गया है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को कम लागत पर रक्त और रक्त अवयव उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा- रक्त बनाया नहीं जा सकता
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, मशीनरी और दवाओं की सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं किया जा सकता। इसकी उपलब्धता पूरी तरह स्वैच्छिक रक्तदाताओं पर निर्भर है।उन्होंने चिकित्सकों से अपील की कि वे लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी रक्तदान अभियान चलाने और युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता बताई।
पेशेवर रक्तदान पर नियंत्रण की जरूरत
CM योगी ने पेशेवर रक्तदाताओं से जुड़े संभावित संक्रमण के जोखिमों का भी जिक्र किया। उन्होंने सुरक्षित रक्त व्यवस्था के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत बताई।
इंसेफेलाइटिस के खिलाफ प्रयासों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की स्थिति को लेकर सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में बीमारी की रोकथाम और उपचार को लेकर व्यापक स्तर पर काम हुआ है और स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार आया है।अपने संबोधन में उन्होंने इंसेफेलाइटिस के खिलाफ मिली सफलता को सरकार की स्वास्थ्य नीति और प्रशासनिक प्रयासों से जोड़ते हुए पुराने और वर्तमान BRD मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं के बीच आए बदलावों का भी उल्लेख किया।
यूपी में बढ़ी मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मेडिकल शिक्षा का तेजी से विस्तार हुआ है। प्रदेश के 75 जिलों में 85 मेडिकल कॉलेज संचालित होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दो AIIMS भी स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि MBBS सीटों की संख्या 4,600 से बढ़कर 13,500 से अधिक हो गई है। PG सीटों, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के विस्तार के साथ चिकित्सा संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने पर भी सरकार काम कर रही है।
जिला अस्पतालों में डायलिसिस सुविधा विस्तार की योजना
CM योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में 10 बेड की डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। गोरखपुर में उपलब्ध डायलिसिस सुविधाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गंभीर मरीजों को उनके जिले में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।
IMA के सामाजिक कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री ने IMA गोरखपुर द्वारा संचालित निशुल्क OPD और चैरिटेबल ब्लड सेंटर जैसी सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का सामाजिक दायित्व केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा के लिए भी ऐसे प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में IMA गोरखपुर अध्यक्ष डॉ. आरपी शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह समेत कई चिकित्सक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बच्ची से की बातचीत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में मौजूद एक बच्ची से मुलाकात की। उन्होंने बच्ची का हालचाल पूछा और उसे आशीर्वाद दिया।



