Jamui: जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने तेलियादह में बच्चों को सिखाई आत्मरक्षा की कला, दिया कराटे प्रशिक्षण

जमुई/बिहार। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से सराहनीय पहल की गई। जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत तेलियादह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में फाउंडेशन की ओर से आत्मरक्षा एवं कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कराटे की प्रारंभिक तकनीकों के साथ ब्लॉक, पंच और विभिन्न प्रकार की बचाव तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को बताया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता, आत्मविश्वास और सूझबूझ के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

खतरे को पहचानना भी आत्मरक्षा का हिस्सा : पियुष बरनवाल

जेनिथ सोशल फाउंडेशन के जिला महासचिव पियुष बरनवाल ने कहा कि आत्मरक्षा का मतलब केवल लड़ना नहीं है। खतरे को समय रहते पहचानना, उससे बचने का प्रयास करना और स्वयं को सुरक्षित रखना भी आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिलने से उनमें आत्मविश्वास के साथ अनुशासन और जागरूकता की भावना भी विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना भी जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मानसिक तौर पर भी आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं।

बच्चों के विकास के लिए उपयोगी पहल

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश प्रसाद यादव ने जेनिथ सोशल फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद उपयोगी और सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के अंदर आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अनुशासित और जागरूक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रधानाचार्य सुरेश प्रसाद यादव, शिक्षक प्रकाश कुमार गुप्ता, सुजित कुमार सहित छात्र जितेन्द्र, सोनी, सोनम तथा विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों को सीखने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
और नया पुराने