नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया निरीक्षण, हरियाली बढ़ाने के साथ नई लाइटें लगाने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी। काशी के प्रमुख मार्गों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम ने चौकाघाट से नमोघाट तक के रास्ते को संवारने की तैयारी तेज कर दी है। इस मार्ग पर सफाई, पौधरोपण, प्रकाश व्यवस्था और कलात्मक चित्रकारी के जरिए सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य जल्द शुरू कराने और व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।
सड़क किनारे लगे अवैध विज्ञापन हटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क किनारे और बिजली के खंभों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग और विज्ञापनों को हटाने को कहा। सड़क निर्माण के दौरान नीचे दब गए मैनहोलों को निर्धारित मानकों के अनुसार ऊंचा कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सीवर सफाई और रखरखाव में परेशानी न हो।डिवाइडर और पटरियों पर बढ़ेगी हरियाली
मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए डिवाइडर पर रंग-बिरंगे झंडे लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर पटरियों पर पाथवे की रीसेटिंग कराई जाएगी और ट्री-गार्ड के साथ पौधे लगाए जाएंगे। डिवाइडर पर बढ़ी झाड़ियों और बेतरतीब पेड़-पौधों की छंटाई कर उन्हें व्यवस्थित किया जाएगा।ROB और अंडरपास की दीवारों पर दिखेगी भारतीय कला
मार्ग के सौंदर्यीकरण के तहत कज्जाकपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के नीचे मोटिफ आर्ट की पेंटिंग कराई जाएगी। वहीं, राजघाट स्थित भदऊं डाट पुल, कज्जाकपुरा अंडरपास और अलईपुर अंडरपास पर वर्ली आर्ट की थीम आधारित चित्रकारी कराई जाएगी।इसके अलावा सिटी स्टेशन की बाउंड्री वॉल को भी आकर्षक चित्रों से सजाने की योजना है। इन कार्यों के जरिए मार्ग के प्रमुख हिस्सों को नया स्वरूप देने की तैयारी की गई है।
नई लाइटें लगेंगी, सिल्ट और ड्रेन की समस्या होगी दूर
कज्जाकपुरा ROB के दोनों ओर सर्विस रोड पर नए लाइट प्वाइंट लगाए जाएंगे। यूनिटी मॉल के सामने और मार्ग के अन्य हिस्सों में जमा सिल्ट हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नमोघाट पर सफाई कार्य को भी जल्द पूरा कराने पर जोर दिया गया।
राजघाट तिराहे के पास शीतला माता मंदिर के सामने स्थित ड्रेन की मरम्मत कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर व्यू कटर लगाने की योजना भी बनाई गई है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से मांगी कार्यों की प्रगति
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए और प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।चौकाघाट से नमोघाट तक प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर मार्ग की स्वच्छता, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था और दृश्य आकर्षण में सुधार का लक्ष्य है। अब देखना होगा कि नगर निगम की यह योजना कितनी जल्दी धरातल पर उतरती है।
#VaranasiNews #वाराणसी #नगरनिगम #चौकाघाट #नमोघाट #कज्जाकपुरा #HimanshuNagpal #काशी #बनारस #नगरविकास #स्वच्छवाराणसी #GreenVaranasi #KashiNews #UPNews