जमुई। स्थानीय सोनपे खेल मैदान में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं खेल विभाग के सहायक निदेशक ने संयुक्त रूप से किया। इसमें बिहार के आठ प्रमंडलों की 300 से अधिक बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : जिला पदाधिकारी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ टीम भावना, आपसी सहयोग और अनुशासन का विकास होता है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रेरणा दी। साथ ही बताया कि जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों के आवासन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
आठ प्रमंडलों की टीमों के बीच होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में पटना, मुंगेर, भागलपुर, तिरहुत, मगध, सारण, दरभंगा एवं कोसी प्रमंडल की टीमें हिस्सा ले रही हैं। निष्पक्ष आयोजन के लिए 70 से अधिक तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों एवं प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, 20 से अधिक खेल शिक्षक भी आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि खेल के माध्यम से भी सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और उत्साह के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
मौके पर सहायक निदेशक संजीव कुमार सिंह, राष्ट्रीय निर्णायक संदीप कुमार, मुरारी प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता से उभरती बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
Tags:
Bihar