Jamui: आधुनिक गन्ना नर्सरी की शुरुआत, 300 से अधिक किसानों ने लिया भाग

जमुई। जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत पाडो पंचायत के भोजा गांव में शुक्रवार को बिहार के ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने आधुनिक गन्ना नर्सरी का उद्घाटन किया। महिला किसान पूनम कुमारी द्वारा स्थापित इस नर्सरी के शुभारंभ कार्यक्रम में जमुई, मुंगेर और शेखपुरा के 300 से अधिक किसानों ने भाग लिया।

आधुनिक तकनीक से तैयार होंगे गुणवत्तापूर्ण पौधे

नर्सरी में गन्ने के स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार करने के लिए ग्रीन हाउस, बीज उपचार उपकरण, बड कटिंग मशीन और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा गन्ने के रस से मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए जूस मशीन भी लगाई गई है।

ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने पूनम कुमारी की पहल की सराहना करते हुए किसानों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने और गन्ने की खेती को लाभकारी उद्यम के रूप में विकसित करने की अपील की। उन्होंने गन्ने से गुड़ उत्पादन एवं अन्य मूल्य संवर्धन गतिविधियों के माध्यम से आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

सहायक निदेशक, ईख विकास ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। पूनम कुमारी की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता और कृषि आधारित रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कार्यक्रम में प्रोफेसर ए.के. सिंह, कृषि विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। नर्सरी से किसानों को उन्नत पौधे उपलब्ध कराने तथा गन्ने की खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
और नया पुराने