Jamui: कोसी स्नातक निर्वाचन में जिले में 60.64 प्रतिशत मतदान, सभी 11 केंद्रों पर शांतिपूर्ण वोटिंग

जमुई। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन के तहत जमुई जिले के सभी 11 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में मतदान संपन्न हुआ। जिले में कुल 60.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 62.62 प्रतिशत, जबकि महिला मतदाताओं की भागीदारी 52.52 प्रतिशत रही। तृतीय लिंग के मतदाताओं का मतदान प्रतिशत शून्य रहा।

डीएम, एसपी ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई थी। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष लगातार सक्रिय रहा और मतदान केंद्रों से प्राप्त सूचनाओं की निगरानी की गई। मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

कड़ी सुरक्षा में पूर्णिया भेजी गईं मतपेटिकाएं

मतदान समाप्त होने के बाद मतदान केंद्र संख्या 142 से 150 तक की पोल्ड मतपेटिकाओं और निर्वाचन सामग्री को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की सुरक्षा में निर्धारित मार्ग से पूर्णिया स्थित वज्रगृह के लिए रवाना किया गया। इसके लिए केंद्रीय व्यवस्था के तहत अधिग्रहित बस का उपयोग किया गया।

वहीं, मतदान केंद्र संख्या 151 और 152 की मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बल की सुरक्षा में सीधे पूर्णिया स्थित वज्रगृह भेजा गया।

जिला प्रशासन के सतत पर्यवेक्षण, नियंत्रण कक्ष की सक्रियता और अधिकारियों-कर्मियों के समन्वित प्रयासों से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
और नया पुराने