Jamui: सोनपे हाई स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को पॉक्सो अधिनियम की दी गई जानकारी

जमुई/बिहार। नालसा के निर्देशानुसार बुधवार को +2 हाई स्कूल सोनपे, जमुई में सुरक्षित बचपन अभियान एवं पॉक्सो अधिनियम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के उप मुख्य विधिक सहायता अधिवक्ता पवन कुमार राय तथा सहायक विधिक सहायता अधिवक्ता रौशन अभिषेक ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के प्रति होने वाले लैंगिक अपराधों, उनसे बचाव और कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।

पवन कुमार राय ने विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अनुचित व्यवहार की पहचान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असहज या संदिग्ध परिस्थिति में बच्चों को चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

वहीं, रौशन अभिषेक ने इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों और बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाने की घटनाओं के प्रति सचेत किया। उन्होंने बताया कि इस तरह के अपराधों के जरिए बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक शोषण किया जा सकता है। इसलिए इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्कता बरतना आवश्यक है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दी गई जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुना।
और नया पुराने