जमुई/बिहार। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले स्वर्गीय दिग्विजय सिंह की 71वीं जयंती पर शनिवार को गिद्धौर स्थित लाल कोठी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उनकी पुत्री एवं बिहार सरकार की खेल व उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह तथा पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। परिजनों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने भी उन्हें याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पिता को याद कर भावुक हुईं मंत्री श्रेयसी सिंह
जयंती के अवसर पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने पिता के प्रति भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व, विचारधारा, समाज के प्रति समर्पण और जनसेवा का भाव उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है। पिता का स्नेह और मार्गदर्शन आज भी उन्हें प्रत्येक कदम पर संबल प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि पिताजी भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और उनकी परछाई हमेशा साथ महसूस होती है। उनके द्वारा देखे गए सपनों को धीरे-धीरे साकार करने और उन्हें मुकाम तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास जारी है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पुतुल कुमारी ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन
इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने भी स्व. दिग्विजय सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। लाल कोठी में आयोजित इस कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ उनके पुराने सहयोगियों और शुभचिंतकों की उपस्थिति रही। सभी ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान की चर्चा की।
बांका-जमुई के विकास में योगदान को किया याद
श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह के सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि बांका और जमुई सहित आसपास के क्षेत्रों में उनके द्वारा किए गए कार्यों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को लोग आज भी याद करते हैं।
भाजपा और लोजपा के नेताओं समेत दर्जनों लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केशरी, भाजपा नेता बृजनंदन सिंह, लोजपा नेता सह बरहट प्रखंड प्रमुख रूबेन कुमार सिंह, राणा संजय सिंह, अजीत सिंह, सुबोध सिंह, रवि सिंह, लालो सिंह और रतन सिंह सहित दर्जनों राजनीतिक कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
सभी ने बारी-बारी से स्व. दिग्विजय सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जयंती के अवसर पर लाल कोठी में उनके व्यक्तित्व, विचारों और जनसेवा की विरासत को याद किया गया।
Tags:
Bihar

