Jamui: दीपावली पर दुधिया रोशनी से जगमगाया मलयपुर काली मंदिर, मां के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

जमुई/बिहार। दीपावली एवं काली पूजा के अवसर पर जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध मलयपुर काली मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी दुधिया रोशनी और आकर्षक फूलों से सुसज्जित मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दीपावली की रात से ही मां काली के दर्शन एवं पूजन के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।

दो किलोमीटर तक की गई रोशनी की व्यवस्था

मंदिर के संस्थापक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि काली पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग दो किलोमीटर तक रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को मंदिर आने-जाने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देना है। पूरे मार्ग को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है, जिससे रात में भी मंदिर और आसपास का क्षेत्र जगमग नजर आ रहा है।

मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

काली पूजा को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में मेले जैसा माहौल बना हुआ है। स्थानीय बाजार में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी हैं। पूजा सामग्री, खिलौने और खानपान की दुकानों पर लोगों की चहल-पहल देखी जा रही है। मां काली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
और नया पुराने