Subscribe Us

Header Ads

उत्तरकाशी सुरंग हादसे में फंसे मजदूरों में बिहार के भी चार शामिल

उत्तरकाशी/उत्तराखंड (Uttarkashi/Uttarakhand), देसी खबर (Desi Khabar), 13 नवंबर 2023, सोमवार : दिवाली के दिन उत्तराखंड के टनल हादसे ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। राज्य के उत्तरकाशी जिले में ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निर्माणाधीन सुरंग के ढह जाने के कारण सुरंग में 40 मजदूर फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि सुरंग में फंसे हुए मजदूरों में बिहार के भी चार श्रमिक शामिल हैं। इनकी पहचान सोनू शाह , सुशील कुमार और वीरेन्द्र किस्कू के रूप में की गई है। सरकार की तरफ से जारी लिस्ट के मुताबिक सोनू शाह मूल रूप से बिहर में साहनी गांव का रहने वाला है। वह सवालीया शाह का पुत्र है।

वहीं दूसरा मजदूर सुशील कुमार मूल रूप से चंदनपुर गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम राजदेव विश्वाकर्मा बताया जा रहा है। इसके अलावा तीसरे मजदूर की पहचान वीरेन्द्र किस्कू के रूप में हुई है जो मूल रूप से बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया के तेतरिया गांव का रहने वाला है। वहीं सुरंग में फंसे हुए मजदूरों में सबाह अहमद का भी नाम है। जो मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के पेउर गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम मिस्बाह अहमद है।

टनल में फंसे सभी 40 लोगों को पाइप के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। बचाव अधिकारी पानी और खाद्य सामग्री भेज रहे हैं। बिहार के चार श्रमिक भी उन 40 सदस्यीय श्रमिकों का हिस्सा थे , जो सुरंग को बनाने के कार्य में लगे थे। सुरंग के अंदर फंसे अन्य श्रमिक ज्यादातर झारखंड , उत्तर प्रदेश , पश्चिम बंगाल , उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के हैं। सुरंग का निर्माण उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिल्कियारा को डंडालगांव से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। यह चार धाम सड़क परियोजना के तहत बनाया जा रहा है और इसका उद्देश्य उत्तरकाशी से यमुनोत्री धाम की यात्रा को 26 किमी कम करना है।