जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), देसी खबर (Desi Khabar), 17 नवंबर 2023, शुक्रवार : बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष डॉ. मासूम रजा की अध्यक्षता में कचहरी रोड स्थित संचारदूत के परिसर में समारोह आयोजित कर राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया और इसे गरिमा प्रदान किया।
इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन नई दिल्ली के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. निरंजन कुमार ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश में चार जुलाई 1966 को प्रेस परिषद की स्थापना हुई। स्थापना के बाद प्रेस परिषद ने 16 नवंबर 1966 से अपना औपचारिक कामकाज शुरू किया। इसके बाद से ही हर वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के रूप में मनाया जाता है।उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ कहे जाने वाले प्रेस का मूल मंत्र निष्पक्षता , स्वतंत्रता और उच्च नैतिक मापदंड है। कलमकार इसके सजग प्रहरी हैं। राष्ट्र की उन्नति के लिए आप सभी के सकारात्मक प्रयासों को कोटिश: नमन।
महासचिव रूपेश कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। भारत एक प्रजातांत्रिक देश है। भारत में प्रेस की स्वतंत्रता भारतीय संविधान के अनुच्छेद-19 में भारतीयों को दिए गए अभिव्यक्ति की आजादी के मूल अधिकार से सुनिश्चित होती है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य प्रेस की आजादी के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है। श्री सिंह ने भी राष्ट्रीय प्रेस दिवस की स्वजनों को शुभकामना दी।
कलमबाज चंदन जी , राजीव कुमार सिंह उर्फ पप्पू जी आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामना दी।
उधर जिले के कई प्रखंड मुख्यालयों में भी राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाए जाने की सूचना मिली है। नामित जगहों पर पत्रकारों ने त्यौहार की तर्ज पर राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया और लोगों को शुभकामना दी।
National Press Day celebrated in Jamui, program organized in Sanchardoot