रांची/झारखंड। झारखंड में भीषण गर्मी और लू की तपिश से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 26 अप्रैल से 1 मई तक राज्यभर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज़ आंधी, गरज-चमक, बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
तेज़ गर्मी के बीच राहत की बूँदें
पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। शुक्रवार को मेदिनीनगर का तापमान 43.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि राजधानी रांची में यह 39.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मगर अब आने वाले दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट संभावित है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार:
26 अप्रैल: दोपहर के बाद राज्य के कई हिस्सों में तेज़ हवा, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। दक्षिणी और पूर्वोत्तर जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
27 से 29 अप्रैल: राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात हो सकता है।
28 अप्रैल: उत्तर-पश्चिमी ज़िलों में मेघ गर्जन और छिटपुट बारिश संभव है।
1 मई तक: यह मौसमी बदलाव बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
सावधान रहें, सुरक्षित रहें
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलें, विशेषकर आंधी-तूफान और वज्रपात के समय। लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से जुड़ी ताज़ा जानकारी पर नजर रखें।
Tags:
Jharkhand