जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 22 अप्रैल 2025, मंगलवार : जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत लभेत गांव की बेटी ईशा रानी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 384वीं रैंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार का, बल्कि पूरे जमुई जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।
ईशा, जमुई सिविल कोर्ट के वरीय अधिवक्ता प्रसिद्ध नारायण सिंह की सुपुत्री हैं। इस उपलब्धि की जानकारी उनके चाचा ब्रजेश कुमार सिंह ने दी। शुरू से ही प्रतिभावान रहीं ईशा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल, जमुई से प्राप्त की, जहां से उन्होंने दसवीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने डीपीएस बोकारो से बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (CNLU), पटना से बीए एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।
ईशा की सफलता पर परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग मिठाइयां बांटकर इस गौरवपूर्ण पल को मना रहे हैं। क्षेत्र के समाजसेवियों, शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाइयां दी हैं।
ईशा की इस उपलब्धि पर जिले के कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने ईशा की सफलता को मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
★ संघर्ष और समर्पण से रची सफलता की कहानी
ईशा रानी ने सीमित संसाधनों के बीच अथक परिश्रम कर यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से जमुई के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है। शिक्षा के क्षेत्र में यह सफलता एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।
Tags:
Bihar