जमुई/बिहार। पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले के कुख्यात अपराधी प्रवीण कुमार की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवीन कुमार पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित था और वह जिले के टॉप-टेन अपराधियों में शामिल था। प्रवीण की गिरफ्तारी बोधवन तालाब स्थित लवकुश गैस एजेंसी के पास से की गई। वह पिछले कई वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद अभियुक्त है।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान प्रवीण कुमार (उम्र 26 वर्ष), पिता- जलधर यादव, निवासी- अमारी, थाना- खैरा, जिला- जमुई के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जमुई थाना कांड संख्या 734/23, दिनांक 13.12.2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 399/402/120बी और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25(1-बी)ए/26/35 के तहत मामला दर्ज था। प्रवीण कुमार का आपराधिक इतिहास अत्यंत लंबा है।
उस पर जमुई, सोनो, सिकंदरा, खैरा, चंद्रमंडी और बरहट थानों में 14 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें अपहरण, डकैती, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। उसपर प्रमुख मामलों में जमुई थाना कांड सं. 249/2016 (धारा 385/386), सोनो थाना कांड सं. 93/2019 (आर्म्स एक्ट), सिकंदरा थाना कांड सं. 222/2018 (धारा 363/364), खैरा थाना कांड सं. 431/2020, 164/2024 (धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट), चंद्रमंडी थाना के कई कांड (धारा 392 व आर्म्स एक्ट), बरहट थाना कांड सं. 55/2024 (धारा 392) शामिल है।
प्रवीण की गिरफ्तारी जमुई पुलिस की एक विशेष छापामारी टीम द्वारा की गई, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर जमुई), थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार, पीटीसी रामनारायण यादव, जिला आसूचना इकाई तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अन्य जिलों से भी प्रवीण के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। जमुई पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के लिए टीम को बधाई दी है और कहा है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:
Bihar