Varanasi: अजगरा में 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता पर तिरंगा यात्रा, वीर सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। 'ऑपरेशन सिंदूर' की गौरवशाली सफलता और देश के वीर जवानों के अदम्य साहस को सम्मान देने के लिए अजगरा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा अजगरा विधायक त्रिभुवन राम के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा का उद्देश्य था वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और देशभक्ति को सम्मानित करना, जिससे उनके मनोबल को और अधिक ऊर्जा मिल सके। यात्रा के दौरान राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और भारत माता की जयकारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा। हाथों में तिरंगा थामे लोगों का उत्साह देखने लायक था।

विधायक त्रिभुवन राम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा,
"देश आज देख रहा है कि आतंकवादी हमलों पर भारत किस तरह से सख्त कार्रवाई करता है। हमारे सैनिकों का पराक्रम दुनिया के लिए एक संदेश है कि भारत अब सहन नहीं करता, बल्कि जवाब देता है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा अपने वीर सैनिकों के मनोबल को ऊंचा रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।"

चोलापुर मंडल अध्यक्ष विपिन राय ने कहा,
"जब-जब सीमा पार से आतंकवादियों ने हमारे देश पर हमले की कोशिश की है, हमारे जवानों ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। यह हम सबका कर्तव्य बनता है कि हम भी सैनिकों के साथ खड़े हों और उनके आत्मबल को मज़बूती दें।"

इस तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला प्रतिनिधि विनोद सिंह, ललितेश सिंह, दिनेश सिंह, राजन पांडे, रीता देवी, सोनू पांडे, रविश द्विवेदी, आनंद पांडे, रविंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भारत माता के सपूतों को नमन करते हुए, देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए संकल्प लिया।
और नया पुराने