बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ी चोट! अंचल कार्यालय में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए राजस्व कर्मी और दलाल

रोहतास/बिहार। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई ने रोहतास जिले में तहलका मचा दिया है। दावथ अंचल कार्यालय में एक पीड़ित से जमीन के दाखिल-खारिज के नाम पर रिश्वत मांगने वाले राजस्व कर्मचारी और उसके दलाल को निगरानी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी:
कन्हैया कुमार (राजस्व कर्मचारी)
सुनील कुमार सिंह (दलाल)

रिश्वत की रकम: ₹18,000

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी बिट्टू कुमार अपनी 40 डिसमिल जमीन के दाखिल-खारिज के लिए तीन महीने से अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। लेकिन काम टाल-मटोल कर अटकाया जा रहा था। अंततः राजस्व कर्मचारी कन्हैया कुमार ने ₹18,000 की रिश्वत की मांग की। इससे तंग आकर बिट्टू कुमार ने पटना स्थित निगरानी विभाग से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी की विशेष टीम ने गुरुवार को दावथ अंचल कार्यालय में छापेमारी की योजना बनाई और जाल बिछाया। जैसे ही रिश्वत की रकम सौंपने की प्रक्रिया शुरू हुई, टीम ने दोनों को रंगे हाथ धर दबोचा।

कार्रवाई के प्रमुख बिंदु :
निगरानी टीम ने पूरी योजना के तहत की छापेमारी
18 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए राजस्व कर्मी और दलाल
पूरे अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी, अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध
दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए सीधे पटना ले जाया गया

इस कार्रवाई ने न केवल अंचल कार्यालय में हड़कंप मचा दिया, बल्कि आम लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश भी दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर अब कार्रवाई संभव है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस मामले में आगे की पूछताछ के बाद और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। निगरानी विभाग की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का एक ठोस उदाहरण मानी जा रही है।
और नया पुराने