इंडियन आर्मी भर्ती अलर्ट : 70 पदों के लिए आवेदन का आखिरी मौका, 20 अगस्त तक करें अप्लाई

नई दिल्ली, 17 अगस्त। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। भारतीय सेना ने एनसीसी स्पेशल एंट्री स्कीम-125वें कोर्स के तहत शॉर्ट सर्विस कमीशन (नॉन-टेक) के लिए 70 पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 निर्धारित है। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए अब बहुत कम समय बचा है।

70 पदों पर होगी भर्ती

भर्ती के तहत कुल 70 रिक्तियों में 63 पद सामान्य श्रेणी के लिए हैं, जबकि 7 पद भारतीय सेना के युद्ध में हताहत जवानों के बच्चों के लिए आरक्षित हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे से शुरू हुई थी। उम्मीदवार 20 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

कौन कर सकता है आवेदन

आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक डिग्री या समकक्ष योग्यता प्राप्त होना आवश्यक है। उम्मीदवारों की आयु 19 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। भर्ती अविवाहित पुरुष उम्मीदवारों के लिए है।

चयन प्रक्रिया और प्रशिक्षण

उम्मीदवारों का चयन आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी साक्षात्कार, चिकित्सा परीक्षण और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से शुरू होगा और इसकी अवधि 49 सप्ताह होगी। प्रशिक्षण के दौरान चयनित उम्मीदवारों को 56,100 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उम्मीदवारों को लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद सालाना सीटीसी लगभग 17 से 18 लाख रुपये के बीच होने की जानकारी दी गई है। इसके अतिरिक्त पात्र उम्मीदवारों को विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत भर्ती अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ें और योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया तथा अन्य शर्तों की पूरी जानकारी हासिल कर आवेदन करें।
और नया पुराने