जमुई/बिहार, 19 जून 2025 : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए 'पर्यावरण भारती' द्वारा "माँ के नाम एक पेड़" अभियान का शुभारंभ किया गया। इस विशेष अभियान के तहत लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी माँ के सम्मान में एक पेड़ अवश्य लगाएं, जिससे न केवल पर्यावरण को संजीवनी मिलेगी, बल्कि यह माँ के प्रति एक अनोखी श्रद्धांजलि भी होगी।
इस अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी प्रिंस कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा, "माँ हर मानव के जीवन में सबसे पूजनीय होती हैं। यदि हर व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पेड़ लगाए, तो यह संसार का सबसे बड़ा पुण्य कार्य होगा। पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।"
पर्यावरणविद विनोद कुमार सिंह ने बताया कि "भारत की जनसंख्या लगभग 140 करोड़ है। यदि हर व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पेड़ लगाए, तो 140 करोड़ पेड़ बिना किसी सरकारी खर्च के लग सकते हैं, जो पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।"
इस अभियान के माध्यम से लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि जलवायु परिवर्तन की गंभीर समस्याओं से निपटा जा सके। पर्यावरण भारती की टीम ने आह्वान किया कि हर व्यक्ति कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए, जिससे हरियाली बढ़े और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
इस पौधारोपण कार्यक्रम में विनोद कुमार सिंह, प्रिंस कुमार यादव, रौनक यादव, राम बिलास शाण्डिल्य, दिलीप कुमार, अर्जुन पाल, सुरेश पासवान, चंदन कुमार, अंकित कुमार पंडित समेत कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।
Tags:
Bihar