पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन पर जमुई के कायस्थ समाज में शोक, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं एसआईएस ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा के निधन को बताया अपूरणीय क्षति
  • सामाजिक और राजनीतिक योगदान को किया याद

जमुई/बिहार। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एसआईएस ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के निधन से राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को नोएडा स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से जमुई जिले के कायस्थ समाज में भी शोक व्याप्त है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कायस्थ समाज के लोगों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जमुई के कायस्थ समाज ने जताया शोक
पूर्व सांसद आरके सिन्हा के निधन पर जमुई के अभिषेक कुमार सिन्हा, डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, प्रवीण सिन्हा, संजय सिन्हा, धर्मवीर आनंद, प्रभात सिन्हा, भूपेंद्र सिन्हा, विकास सिन्हा, संजीव सिन्हा, सुशांत सुंदरम, बबलू सिन्हा, नीरज सिन्हा, राजू सिन्हा, राजीव सिन्हा, निलेश कुमार, विवेक सिन्हा, अविनाश सिन्हा, उमाशंकर प्रसाद, राकेश रंजन, अंजनी सिन्हा, रितेश सिन्हा और सत्येंद्र शंकर सिन्हा सहित कई लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि आरके सिन्हा का निधन समाज और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने संघर्ष, परिश्रम और दूरदर्शिता से राजनीति, उद्योग एवं सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।

संघर्ष से बनाई राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा का जन्म 22 सितंबर 1951 को बिहार के बक्सर जिले में हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में संघर्ष से शुरुआत करते हुए पत्रकारिता, राजनीति और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई। वे देश की प्रमुख निजी सुरक्षा कंपनियों में शामिल सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (एसआईएस) ग्रुप के संस्थापक थे।

राजनीतिक जीवन में वे भारतीय जनता पार्टी के शुरुआती दौर से जुड़े रहे। भाजपा ने उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजा था। वर्ष 2014 से 2020 तक उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। संगठनात्मक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।

पटना में अंतिम दर्शन की व्यवस्था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया जाएगा। पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। अंतिम संस्कार से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी परिवार की ओर से साझा की जाएगी।

जमुई के कायस्थ समाज के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

और नया पुराने