देवघर/झारखंड। झारखंड के देवघर में शनिवार की रात अपराधियों के बेखौफ मंसूबों की एक और बानगी सामने आई, जब नगर थाना क्षेत्र के शीतल मलिक रोड पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को पैर में गोली मार दी। घायल अवस्था में युवक को आनन-फानन में देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां सर्जरी कर उसके पैर से गोली निकाली गई।
शिवगंगा घाट जा रहा था पुरोहित, रास्ते में हुआ हमला
घायल युवक की पहचान स्थानीय पुरोहित के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार देर रात शिवगंगा घाट की ओर पूजा-पाठ के कार्य के लिए जा रहा था, तभी शीतल मलिक रोड के पास अज्ञात बाइक सवार युवकों ने अचानक उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगते ही वह ज़मीन पर गिर पड़ा, लेकिन किसी तरह खुद को संभालते हुए वह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसके पैर से गोली सफलतापूर्वक निकाल दी। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। अस्पताल में पुलिस ने घायल युवक का बयान भी दर्ज किया है।
बिहार से झारखंड तक फैला अपराध का साया
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में बिहार में भी गोलीबारी और हत्याओं की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। गोपाल खेमका और चंदन मिश्रा जैसे मामलों में अपराधियों ने अस्पताल तक में घुसकर गोली चलाई है। हालांकि पुलिस ने उन मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अब झारखंड में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आने लगी हैं, जिससे लोगों में चिंता और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। देवघर जैसी आस्था की नगरी में कानून व्यवस्था पर उठते सवाल प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।
देवघर पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर आम आदमी कब खुद को सुरक्षित महसूस करेगा?
Tags:
Jharkhand