जमुई/बिहार। जिले की राजनीति में बड़ा धमाका हुआ है। गंगा स्नान यात्रा के संस्थापक और “गंगा पुत्र” के नाम से चर्चित हिंदू नेता पप्पू मंडल की पत्नी सुजाता सिंह ने रविवार को पटना में पूर्व उपमुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ले ली। कयास लगाया जा रहा है कि महागठबंधन की ओर से राजद उन्हें जमुई विधानसभा से चुनावी मैदान में उतार सकती है।
सुजाता सिंह पहले भी जमुई विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतर चुकी हैं। संथू गांव की रहने वाली सुजाता, अपने पति पप्पू मंडल के धार्मिक-सामाजिक अभियानों की वजह से पहले से ही सुर्खियों में रहती हैं। पप्पू मंडल लंबे समय से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए गाड़ियों से ले जाने की परंपरा निभा रहे हैं, जिससे उन्हें “गंगा पुत्र” की खास पहचान मिली है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुजाता सिंह का राजद में आना आगामी विधानसभा चुनाव के समीकरणों को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा। फिलहाल इस सीट पर अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और अर्जुन अवॉर्ड विजेता श्रेयसी सिंह भाजपा की विधायक हैं। ऐसे में चर्चाएं तेज हैं कि महिला से महिला को टक्कर देने के लिए राजद सुजाता सिंह पर दांव खेल सकती है। साथ ही पप्पू मंडल की गंगा स्नान से जुड़ी लोकप्रियता और सनातनी छवि राजद के लिए बड़ा सियासी हथियार साबित हो सकती है।
Tags:
Bihar