जमुई/बिहार। रविवार को जमुई विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर रहे अमरेंद्र कुमार अत्री उर्फ़ खोखन सिंह ने मांगोबन्दर बाजार में आयोजित एक ऐतिहासिक समारोह में भाग लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के महान सेनानी स्वर्गीय श्रीबाबू जगदीश लोहार जी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य प्राप्त किया।
समारोह की शुरुआत श्रीबाबू जगदीश लोहार जी के समाधि स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और पंडितों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। वैदिक विधि-विधान के बीच उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। तत्पश्चात अमरेंद्र अत्री समेत उपस्थित गणमान्यजनों ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन किया।
इस अवसर पर स्व. श्रीबाबू जगदीश लोहार जी के परिजनों को अंगवस्त्र और प्रतिमा की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया गया। अमरेंद्र अत्री ने जनपद के संभ्रांत नागरिकों से आत्मीय मुलाकात करते हुए इस वीर विभूति के जीवन प्रसंगों को साझा किया।
अपने संबोधन में अमरेंद्र अत्री ने कहा कि स्व. श्रीबाबू जगदीश लोहार जी ने भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने के लिए व्यक्तिगत और पारिवारिक सुखों का त्याग कर अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया। अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से ब्रिटिश सरकार इतनी भयभीत थी कि उनके सिर पर दस हजार रुपये का इनाम रखा गया और उनकी सम्पत्ति तक नीलाम कर दी गई।
उन्होंने कहा कि श्रीबाबू ने सामाजिक और राजनीतिक सुधारों के माध्यम से देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। अत्री ने संकल्प लिया कि यदि जनता उन्हें विधायक बनाती है तो वे सरकार से मांग कर उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को पेंशन दिलाने का कार्य करेंगे, जो आज भी किसी कारणवश इससे वंचित हैं। साथ ही उन्होंने अपने विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी जनता को दी।
अमरेंद्र अत्री ने कहा, “यह केवल एक मूर्ति का अनावरण नहीं है, बल्कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को स्व. श्रीबाबू जगदीश लोहार जी के आदर्शों, देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देती रहेगी।”
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों, सोशल मीडिया पत्रकारों तथा सैकड़ों गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने राष्ट्रभक्ति का वातावरण और भी गरिमामय बना दिया। सभी ने वीर सपूत को शत-शत नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया, जिसकी बदौलत आज देशवासी स्वतंत्र भारत की खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
Tags:
Bihar