कायस्थ समाज को मिला बड़ा उपहार, चकाई के चित्रगुप्त मंदिर के लिए BJP राष्ट्रीय मंत्री रितुराज सिन्हा करेंगे प्रतिमा भेंट

जमुई/बिहार। ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस, जमुई के प्रतिनिधिमंडल ने पटना में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रितुराज सिन्हा से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश सचिव अभिषेक सिन्हा एवं जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान कायस्थ समाज से जुड़े सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

मुलाकात के क्रम में जमुई जिले के चकाई प्रखंड स्थित वायरलेस मैदान में, स्वर्गीय प्रो प्रदीप कुमार की समाधि के समीप नवनिर्मित चित्रगुप्त मंदिर का विषय प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल द्वारा मंदिर में भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापना का आग्रह किया गया, जिस पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री रितुराज सिन्हा ने अपनी सहमति देते हुए मंदिर के लिए 4 फीट ऊंची भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा अपने सौजन्य से प्रदान करने की घोषणा की।

प्रतिमा भेंट की घोषणा होते ही कायस्थ समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इसे समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए रितुराज सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं रितुराज सिन्हा ने कहा कि कायस्थ समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। समाज को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे तन, मन और धन से सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेंगे।

इस अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस के संगठन मंत्री प्रभात सिन्हा, चकाई प्रखंड अध्यक्ष धर्मवीर आनंद, राजीव पांडेय, समाजसेवी प्रभात सिन्हा सहित कायस्थ समाज के कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को सामाजिक एकजुटता और धार्मिक आस्था को सशक्त करने वाला कदम बताया।
और नया पुराने