Jamui: झाझा में श्री श्री 108 शिव शक्ति महायज्ञ की भव्य तैयारी, 8 मार्च को निकलेगी कलश शोभा यात्रा

जमुई/बिहार। जिले के झाझा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिमुलतला स्थित सेवा धाम आश्रम में श्री श्री 108 शिव शक्ति महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। आयोजकों के अनुसार महायज्ञ की शुरुआत 8 मार्च 2026 को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

महायज्ञ का आयोजन 9 मार्च 2026 से 17 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से यज्ञ, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। विशेष आकर्षण के रूप में निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के मुखारविन्द से शिव महापुराण कथा का वाचन होगा। उनके पावन सानिध्य में शिवभक्तों को आध्यात्मिक ज्ञान और धर्मोपदेश का लाभ मिलेगा।

आयोजन को और भी भव्य बनाने के लिए महायज्ञ के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों के अनुसार भोजपुरी गायक व सांसद मनोज तिवारी सहित शिवेस मिश्रा, किशन कुमार गोलू राजा, स्वाती मिश्रा, निशा उपाध्याय, तृप्ति साक्या एवं करीना पांडेय अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन और भक्ति रस से सराबोर करेंगे।

कार्यक्रम के व्यवस्थापक सुनील पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि महायज्ञ की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन झारखंड के गढ़वा निवासी शंभू प्रसाद सेठ के सौजन्य से संपन्न हो रहा है।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महायज्ञ, शिव महापुराण कथा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है, ताकि धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में पुण्य लाभ प्राप्त किया जा सके।
और नया पुराने