वाराणसी/उत्तर प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी वाराणसी जिला एवं महानगर इकाई द्वारा केंटोमेंट स्थित होटल डी-पेरिस में भव्य बूथ सशक्तिकरण स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांचों विधानसभा क्षेत्रों से लगभग दो हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष एवं शक्तिकेंद्र प्रमुखों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सुदृढ़ करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूती प्रदान करना रहा।
सम्मेलन के दौरान वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उन बूथ अध्यक्षों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनके बूथों पर 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। ऐसे कुल 116 बूथ अध्यक्षों को अंगवस्त्रम एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार देखने को मिला।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान ही यह संकल्प लिया गया था कि जिन बूथों पर मतदान प्रतिशत कम रहता है, यदि वहां के बूथ अध्यक्ष मेहनत कर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सफल होते हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ अपरिहार्य कारणों से यह सम्मान समारोह थोड़ी देरी से आयोजित हो सका, लेकिन संगठन अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं के योगदान को कभी नहीं भूलता।
सी.आर. पाटिल ने कहा कि वे वर्ष 2014 से लगातार काशी आ रहे हैं और उन्होंने अपनी आंखों से काशी का ऐतिहासिक कायाकल्प देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी के प्रति विशेष स्नेह और काशीवासियों का मोदी जी पर अटूट विश्वास ही है, जिसके परिणामस्वरूप आज काशी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि देश में शायद ही कोई ऐसा शहर होगा, जिसने इतनी तेजी से विकास किया हो। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने काशी को अपनी कर्मभूमि के रूप में चुना और लगातार तीसरी बार यहीं से चुनाव लड़कर देश का नेतृत्व किया।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में एस.आई.आर. को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, क्योंकि वहां बड़ी संख्या में फर्जी मतदाता सूची में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण से लोकतंत्र मजबूत होगा और यही मजबूत लोकतंत्र 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी बूथ अध्यक्ष अपनी-अपनी बूथ कमेटियों का विस्तार करें और नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर एक सशक्त टीम का निर्माण करें। यही मजबूत टीम आगामी चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और पार्टी को और अधिक मजबूती देने का कार्य करेगी।
सुनील बंसल ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को बूथ स्तर पर अधिक से अधिक संख्या में सुनने की व्यवस्था की जाए, ताकि सरकार की योजनाओं और विचारों को सीधे जनता तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि जल्द ही नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने का अभियान भी तेज किया जाएगा, ताकि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
एस.आई.आर. अभियान पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुनील बंसल ने कहा कि विपक्ष द्वारा इस अभियान को लेकर जनता में भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एस.आई.आर. का संबंध केवल मतदाता सूची से है, इसका किसी की संपत्ति या अन्य अधिकारों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को एस.आई.आर. की वास्तविकता से अवगत कराएं और विपक्ष के भ्रमजाल को तोड़ें। उन्होंने बताया कि देश के 12 राज्यों में चल रहे इस अभियान के तहत पश्चिम बंगाल में अब तक लाखों अवैध नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल का स्वागत शहर दक्षिणी विधानसभा के मध्यमेश्वर मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 25 के अध्यक्ष कन्हैया लाल यादव ने किया, जबकि भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल का स्वागत काशी विश्वनाथ मंडल के बूथ संख्या 277 के अध्यक्ष सौरव गुप्ता ने अंगवस्त्रम भेंट कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की तथा स्वागत भाषण दिया। धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने किया, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी महानगर उपाध्यक्ष मधुकर चित्रांश ने निभाई।
इस अवसर पर मंच पर कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जिनमें राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित अनेक पदाधिकारी शामिल रहे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की शक्ति और एकजुटता का संदेश दिया।
Tags:
Uttar Pradesh


