बाबा बागेश्वर की राम कथा में उमड़ा आस्था का महासागर, छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं की रही ऐतिहासिक उपस्थिति

कोटा/राजस्थान। राजस्थान के कोटा जिले अंतर्गत रामगंज मंडी क्षेत्र में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय भव्य राम कथा ने आस्था और श्रद्धा का नया इतिहास रच दिया। इस दिव्य आयोजन में श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम कथा के दौरान करीब छह लाख से अधिक श्रद्धालु देश के विभिन्न हिस्सों से रामगंज मंडी पहुंचे। विशाल पंडाल में श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों और मर्यादाओं को बड़े ही श्रद्धाभाव से श्रवण किया।

कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने ओजस्वी वाणी, भावपूर्ण कथा प्रवचन और प्रेरणादायी संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के भाव से जोड़ दिया। कथा स्थल पर “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आयोजन के दौरान प्रशासन और आयोजक समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

इस ऐतिहासिक राम कथा ने न केवल धार्मिक चेतना को प्रबल किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान की। रामगंज मंडी में आयोजित यह कथा लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में आस्था के महाकुंभ के रूप में याद की जाएगी।
और नया पुराने